छत्तीसगढ़ सरकार ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए विधानसभा में 1 लाख 72 हजार करोड़ रुपये का बजट पेश किया। इस बार के बजट का मुख्य फोकस बस्तर सहित नक्सल प्रभावित इलाकों में शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई और डिजिटल कनेक्टिविटी पर रखा गया है। कुल खर्च का करीब 40 प्रतिशत हिस्सा सामाजिक क्षेत्र के लिए, 36 प्रतिशत आर्थिक गतिविधियों के लिए और बाकी हिस्सा प्रशासनिक सेवाओं के लिए तय किया गया है।
स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए जगदलपुर में सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल और दंतेवाड़ा में मेडिकल कॉलेज व मेडिकल सिटी बनाने की घोषणा की गई है, ताकि दूरदराज के इलाकों के मरीजों को गुणवत्तापूर्ण इलाज के लिए बड़े शहरों का रुख न करना पड़े। इसके साथ ही इन क्षेत्रों में डॉक्टरों की विशेष भर्ती भी की जाएगी।



