रायपुर| 4 अक्टूबर 2026
राजधानी रायपुर में गैस उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ गई है। ई-केवाईसी नहीं कराने वाले करीब 60 हजार गैस कनेक्शन ब्लॉक कर दिए गए हैं। बताया जा रहा है कि प्रभावित लोगों में आम उपभोक्ताओं के साथ अफसर और नेता भी शामिल हैं। कनेक्शन ब्लॉक होने से ये उपभोक्ता फिलहाल सिलेंडर की ऑनलाइन बुकिंग नहीं करा पा रहे हैं।
एक आधार पर एक ही कनेक्शन मान्य
गैस कंपनियों ने कनेक्शन के सत्यापन के लिए ई-केवाईसी अनिवार्य किया है। जिन उपभोक्ताओं ने अब तक यह प्रक्रिया पूरी नहीं की है, उनके कनेक्शन अस्थायी रूप से रोके जा रहे हैं। साथ ही एक आधार नंबर से सिर्फ एक गैस कनेक्शन की ई-केवाईसी हो सकती है। जिन उपभोक्ताओं के नाम पर एक से ज्यादा कनेक्शन हैं, उनके अतिरिक्त कनेक्शन भी ब्लॉक किए जा रहे हैं।
ऑनलाइन बुकिंग ठप, एजेंसियों के चक्कर
कनेक्शन ब्लॉक होने के बाद ऑनलाइन गैस बुकिंग की सुविधा बंद हो गई है। इससे कई उपभोक्ता गैस एजेंसियों के चक्कर काट रहे हैं। एजेंसियां उन्हें जल्द से जल्द ई-केवाईसी पूरी कराने की सलाह दे रही हैं, ताकि कनेक्शन फिर से चालू हो सके।
मोबाइल ऐप से घर बैठे कराएं ई-केवाईसी
ई-केवाईसी के लिए दस्तावेज लेकर एजेंसी जाना जरूरी नहीं है। संबंधित गैस कंपनी के मोबाइल ऐप से भी यह प्रक्रिया पूरी की जा सकती है। उपभोक्ता ऐप में दिए गए विकल्प से आधार सत्यापन कर सकते हैं। सत्यापन पूरा होने के बाद ब्लॉक कनेक्शन दोबारा चालू हो जाएगा।



