बिलासपुर-अंबिकापुर मार्ग की तारा घाटी में सोमवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। मोरगा चौकी और तारा चौकी क्षेत्र के बीच तीन बड़े ट्रेलर आपस में टकरा गए, जिससे हाईवे पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रभावित हो गई। घटना सुबह करीब 7:30 बजे की बताई जा रही है, और तब से लगातार सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लगी हुई है, जिससे यात्रियों और वाहन चालकों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
सूचना मिलते ही सूरजपुर और कोरबा जिले की पुलिस टीमें मौके पर पहुंचीं और यातायात व्यवस्था संभालने के साथ-साथ दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलरों को हटाने का काम शुरू किया।
हालांकि तारा घाटी का यह हिस्सा घुमावदार होने के कारण भारी वाहनों को सड़क से हटाने में पुलिस और प्रशासन को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वाहनों को पूरी तरह हटाए जाने के बाद ही इस अहम मार्ग पर यातायात सामान्य होने की उम्मीद जताई जा रही है।



